Showing posts with label घर. Show all posts
Showing posts with label घर. Show all posts

May 31, 2014

दीवारें

Walls,Personal,Home,Family,Stories,Poetry,Hindi,Amwriting,Life,


दीवारों के कान नहीं, ज़ुबान होती है

ज़रा  ध्यान से  सुनिये 

आपसे बातें करने की कोशिश करतीं
ये दीवारें कुछ कहती हैं


कोई बात वोह चित्र, कोई किस्सा वोह घड़ी 
इस दीवार के रँग कि, 

कहानी भी होगी बड़ी


जितना प्यार है

 उतनी ही छिपी है असहमति

इसका हर एक कोना
एक कलाकृति, एक अभिव्यक्ति 


ज़रा आभारी होकर देखिये
एक मकान को घर बनाती
ये दीवारें कुछ कहती हैं


यहाँ यादें हैं तस्वीरों में


वो हँसते चेहरे
वो गुज़रे ज़माने
वो दोस्तों कि शरारत
वो अधूरे तराने


ज़रा पलकें उठा के देखिये
एक जीवन का सार बताती
ये दीवारें कुछ कहती हैं






Image Courtesy- http://dainiktribuneonline.com

February 10, 2014

साथ साथ

क्या तुम्हें याद है वोह दिन
जब कुछ घबराये हुए
कुछ सकुचाऐ हुए

उस अप्रतिम उत्साह से
एक नयी राह पे...
हम साथ-साथ चले थे

अन्‍जानों में अपने ढूंढे
साथ-साथ
छोटे-छोटे पल, छोटी-छोटी खुशियाँ ज़माने से छीनी
साथ-साथ
मकानों को घर बनाया
साथ-साथ
हर एक दिन को यादगार बनाया
साथ-साथ

और कभी खुद को, कभी दुनिया को आज़माने भी तो...
हम साथ-साथ चले थे

फिर अचानक  लकीरों के खेल में तुम आगे निकल गए
मैं हारता रहा और तुम जीतते रहे
अब मिलन होना सम्भव नहीं
मेरी हस्ती का होकर भी कोई महत्व नहीं

पर जब कभी धूल के गुबार को छोड़
सरपट आगे जाते हुए, पीछे देखो
तो बस इतना याद करना कि

कोई था जो गुम गया जीवन की इन गलियों में
कल की चाह में, कल को भुलाने में
उन सपनों की हकी़कत में
जिन्हें सीने से लगाये एक दिन

हम साथ-साथ चले थे...

बहुत दूर आ गया हूँ कहीं
आगे-पीछे का अब गुमान नहीं
अब बस मैं हूँ और हारने का एहसास हर कहीं
बहुत कुछ है दांव पर फिर भी
जीत की हर दुआ में तुझे ढूँढता हूँ

इन अंजानीं राहों में
तेरे निशान  ढूँढता हूँ

तुझे याद करने का हर एक बहाना  ढूँढता हूँ
बादलों में तेरा चेहरा
और पवन में तेरी आवाज़  ढूँढता हूँ

बहुत दिन हो गए सोए हुए आज
क्यूंकि आँखों में जो अक्स बसा है तेरा
हर रात पलकों से उसे  ढूँढता हूँ

तू बता

उस आसमान को देख कैसे तेरी याद ना आए
आखिर चांद को पाने और तारों को सरताज चढ़ाने के लिये भी तो

हम साथ-साथ चले थे...



June 9, 2012

सपना !



कहते हैं कि सपने हमारी मानसिक स्थिति का प्रतिभिम्ब होतें हैं. एक सैनिक हमेशा विजय के सपने देखना चाहता है और एक व्यापारी सदा मुनाफे के ख्याल से ही उठना पसंद करता है. लेकिन ना तो हमेशा विजय मिलती है और ना ही हमेशा मुनाफा होता है. और हमारे सपने आने वाली परिस्थिति का अंदेशा हमें दे ही देते हैं . जब इस कविता का ख्याल मेरे मन में आया और मैंने अपने मित्र ऋषिकांत को बताया, तो हम दोनों ने इसे अलग अलग दृष्टिकोण से देखा, जो शायद हमारी मानसिक स्तिथि का प्रतिनिधित्व करती है. हमारा सपना एक ही था, पर हमारे दिमाग ने उसकी व्याख्या अलग तरीके से करी. इसलिए, चाहे मेरे शब्द हो या उनके, इस कविता का बड़ा हिस्सा हुबहू एक सा ही है, सिर्फ आखिरी के दो छंद अलग हैं.

प्रस्तुत है एक ही कविता के दो रूप, एक ही सच के दो सपने. आपको जो पसंद आये, हमें ज़रूर कमेंट्स के रूप में लिख कर बताएं!

...................................................................................................................................

मेरा सपना


आज दोपहर में आंख लगी
तो घर दिखा , अपनी गली दिखी

अचानक माँ नज़र आई

दरवाज़े पर
नंगे पांव
निवाला हाथ में लिए

सड़क को टकटकी लगाये घूरती
जैसे मेरा ही इंतज़ार कर रही हो

वहीँ लॉन में
पिताजी दिखे
आंखें अख़बार में गड़ाए हमेशा की तरह
चाय की चुस्कियां ले रहे थे

अख़बार में तो जान बसी है आपकी

माँ मेरी ताना देते हुए बोली

उसी से क्यों नहीं कर ली शादी
पिताजी ने अनसुना कर दिया पहले

और चाय की एक और चुस्की ली

फिर मुस्काए ,बोले

अख़बार को चाय बनानी नहीं आती !

अपनी हंसी को दबाये
मेरा मन हुआ कि माँ वोह निवाला मुझे खिला दे

कब से भूखा हूँ ऐसा लगता है

पिताजी आंखें उठाये और मुस्कुरा दें ,

आ गए तुम !

बस अब जब भी खुले, तो मेरी आंखें घर में खुले

उस ख्याल से
लो सकपका के उठ गया हूँ


एक झूठी सच्चाई के पीछे भागता
अपने सपने को भी खो चुका हूँ

ना जाने कितना समय बीत गया है
और कितना दूर आ गए हैं

अब तो वोह भी कब आओगे नहीं पूछते हैं

और एक चीज़ देखी है मैंने
अब वोह कभी खिलखिलाते भी नहीं
सिर्फ मुस्कुरा देते हैं

फिर से उसी ख्वाब में जाना है
उनकी झलक को वापस पाना है

खेल तो देखो

कब से आंखें मूंदे बैठा हूँ
पर नींद भी नहीं आती अब

.......................................................................................................................................

ऋषिकांत का सपना

आज दोपहर में आंख लगी
तो घर दिखा , अपनी गली दिखी

अचानक माँ नज़र आई

दरवाज़े पर
नंगे पांव
निवाला हाथ में लिए

सड़क को टकटकी लगाये घूरती
जैसे मेरा ही इंतज़ार कर रही हो

वहीँ लॉन में
पिताजी दिखे
आंखें अख़बार में गड़ाए हमेशा की तरह
चाय की चुस्कियां ले रहे थे

अख़बार में तो जान बसी है आपकी

माँ मेरी ताना देते हुए बोली

उसी से क्यों नहीं कर ली शादी
पिताजी ने अनसुना कर दिया पहले

और चाय की एक और चुस्की ली

फिर मुस्काए ,बोले

अख़बार को चाय बनानी नहीं आती !

अपनी हंसी को दबाये
मेरा मन हुआ कि माँ वोह निवाला मुझे खिला दे

कब से भूखा हूँ ऐसा लगता है

पिताजी आंखें उठाये और मुस्कुरा दें ,

आ गए तुम !

बस अब जब भी खुले, तो मेरी आंखें घर में खुले

उस ख्याल से

मुस्कुरा के उठ गया हूँ

मुस्कान तो होठों से मेरे चिपक सी गयी है

तभी घंटी बजी .....

माँ का फ़ोन आया है

.....................................................................................................................................

चित्र- http://farrah.tbfreviews.net/2010/02/dream-spiders/

ऋषिकांत की हिंदी कविताएँ - http://manyyabsurdthoughts.blogspot.com/

ऋषिकांत की अंग्रेजी कहानियां- http://meetrishi.blogspot.com/